औषधीय गुणों का भंडार है ‘गुड़’

प्रीति नेगी, देहरादून।

देहरादून। गुड़ को प्राकृतिक पदार्थों में सबसे अधिक मीठा कहा जा सकता है। कभी शुभ अवसरों पर गुड़ का उपयोग होता था।  गांव घर  में जब भी कोई शुभअवसर होता तो  मुँह मीठा गुड़ से ही किया जाता था। पूजा अर्चना में भी गुड़ का ही प्रयोग होता था, लेकिन जैसे ही वस्तुओं का बाजारी करण होने लगा तो गुड़ की जगह लड्डु, अन्य मिठाइयों ने ले ली। इसके बावजूद गुड़ की मिठास व अहमियत आज भी कम नही हुई। गुड़ तैयार करना अपने आप मे मेहनत का काम होता है। पश्चिमी यूपी में अधिक मात्रा में कोलूह में गुड़ तैयार किया जाता है। बिजनौर जिले के इस्लामनगर के किसान कृष्णा के अनुसार गुड़ बनाने के लिए मुजफरनगर, बागवत, रुड़की, हरिद्वार से कारीगर यहां पहुँचते हैं और किसानों का  गन्ना खरीदकर वही गुड़ बनाते हैं। कृष्णा के अनुसार इसमें मेहनत अधिक होती है। सबसे पहले गन्ने की पेरोई  की जाती है। किसानों के अनुसार सबसे पहले गन्ने के रस को कढ़ाइयों में उबालकर उसे ठंडा किया जाता है। उसके बाद गुड़ बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि खेत से गन्ना काटने के बाद उसके पत्ते अलग कर दिए जाते हैं, फिर कोल्हू में पेरने से जो रस निकलता है, उसे बड़ी  कढ़ाई में दो से तीन घंटों तक गर्म किया जाता है। जब रस गाढ़ा हो जाता है तो बड़े बर्तन में निकाल लेते हैं, उसके बाद गर्म गुड को कपड़े में रखा जाता हैं। मेहनत से बनाया गया गुड़ में कई औषधीय गुण पाए जाते हैं। डॉक्टर संजय  बौठियाल के अनुसार भले ही लोगों का झुकाव अंग्रेजी दवाओं की तरफ हो रहा है, लेकिन जब अंग्रेजी दवाओं का प्रचलन बहुत कम था उस दौरान गुड़ का प्रयोग रक्त को शुद्ध करने में किया जाता था। यह चयापचय में सुधार करता है. गुड़ आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, खनिज और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होता है। भारतीय आयुर्वेदिक चिकित्सा के अनुसार गुड़ का उपभोग गले और फेफड़ों के संक्रमण के उपचार में लाभदायक माना जाता है। दोपहर के भोजन के बाद गुड़ का एक छोटा टुकड़ा खाना आपके पाचन में मददगार साबित हो सकता है। जब  गुड़ का नियमित रूप से और सीमित मात्रा में सेवन किया जाता है, तो यह रक्त को साफ करता है, जिससे आपका शरीर स्वस्थ रहता है. गुड़ इम्यूनिटी बढ़ाता है। गुड़ सेहत के लिए अच्छा है लेकिन इसका सेवन सीमित करना चाहिए। अगर आप दुबले पतले हैं तो आप अपने भोजन में गुड़ को जरूर शामिल करें, लेकिन जरूरत से ज्यादा मात्रा में इसके सेवन से आपका वजन बढ़ सकता है, इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में करें। गुड़ पौष्टिक अवश्य है लेकिन इसका अधिक सेवन रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ा सकता है. इसलिए इसका अधिक सेवन करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *