पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी का निधन

जनमंच टुडे। देहरादून। चंपावत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री के लिए  विधायकी छोड़ने वाले पूर्व विधायक व उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का आज प्रातः इलाज के दौरान अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।  कुछ दिन पूर्व ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गहतोड़ी की कुशलक्षेम लेने अस्पताल गए थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत प्रदेश के तमाम नेताओं ने दुख जताया है। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विस सीट से चुनाव हार गए थे।इसके बावजूद पार्टी हाईकमान ने धामी को मुख्यमंत्री बनाया था। धामी के हारने के बाद चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल 2022 को मुख्यमंत्री के लिए चम्पावत सीट छोड़ दी थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री चम्पावत से विधायक चुने गए।  विधायकी छोड़ने के बाद कैलाश गहतोड़ी को वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया था।उनका जन्म 15 अगस्त 1968 को जन्मे गहतोड़ी ने  2017 में भाजपा से अपना पहला चुनाव लड़ा था और   कांग्रेस के हेमेश खर्कवाल को हरा कर विधायक बने थे। भाजपा ने 2022 के चुनाव में एक बार फिर से उनपर भरोसा कर चुनावी मैदान में उतारा और दूसरी बार भी बाजी मारी। खटीमा से धामी के चुनाव हारने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए विधायकी से त्यागपत्र दे दिया। उसके बाद हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री ने चम्पावत से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *