व्यापार मंडल का फरमान, बाहरी लोग करें दुकानें खाली
जनमंच टुडे। धारचूला। धारचूला में बाहरी व्यक्तियों के कारण बढ़ते आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय व्यापारियों ने राज्य बनने के बाद धारचूला में व्यापार कर रहे लोगों से अपने प्रतिष्ठान खाली करने का फरमान सुना दिया है। नियत समय के बाद दुकान खाली न करने पर व्यापार मंडल उन दुकानों पर अपने तालें जड़ देगा। धारचूला का माहौल लगातार बाहरी लोगों द्वारा खराब करनेवपर व्यापार मंडल ने वर्ष 2000 के बाद से यहां व्यापार कर रहे बाहरी प्रदेशों के व्यापारियों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने बताया कि बीते 24 वर्षो में 92 बाहरी लोगों ने यहां आकर अपना व्यापार शुरू किया है। थापा ने कहा कि व्यापार मंडल की कोर कमेटी ने इन सभी दुकानदारों का पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं और दुकानें खाली करने को कह दिया है। व्यापार मंडल के महासचिव महेश गर्ब्याल ने बताया की चिन्हित व्यापारियों को 15 मार्च तक अपने प्रतिष्ठान खाली करने होंगे।मामले की जानकारी इन सभी दुकानदारों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय बाद भी इन दुकानदारों ने दुकान नहीं छोड़ा तो व्यापार मंडल इन प्रतिष्ठानों पर अपने ताले जड़ देगा।