इंडिया एलाइंस ने लिया प्रत्याशियों को विजयी बनाने का संकल्प

जनमंच टुडे। देहरादून। संयुक्त विपक्ष गठबंधन इंडिया एलाइंस ने  लोकसभा चुनाव को मजबूती और एकता के साथ लड़कर प्रदेश की सभी पांच सीटों के प्रत्याशियों को विजयी बनाने का संकल्प लिया। दून प्रेस क्लब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में आयोजित पत्रकार वार्ता में करन माहरा ने कहा कि जिनके कार्यों की जांच चल रही है या जो सत्ता दल के बड़े नेताओं के पार्टनर हैं, वही लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि ईमानदार कार्यकर्ता अपने सिद्धांतों से टस से मस नहीं हुआ है और कर्मठता के साथ पार्टी के लिए दिन रात कार्य कर रहा है। माहरा ने कहा  कि आने वाले समय में इस बात का खुलासा करेंगे कि दल, बदल करने वाले किस नेता पर कितना दंड आरोपित किया गया था और वह दंड वसूला गया है या नहीं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही सामने आ जायेगा कि किस नेता की सत्तारूढ़ दल के किस नेता के साथ पार्टनरशिप थी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इंडिया एलाइंस चट्टान की तरह मजबूत है और जनता का इस गठबंधन को भरपूर समर्थन मिल रहा है और गठबंधन अपने प्रत्याशियों के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के मुख्य मीडिया समन्वयक राजीव महर्षि, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एस. एस. कलेर, कांग्रेस नेता गीताराम जायसवाल, आप नेता विशाल चौधरी, इंडिया एलाइंस के प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, विकास नेगी समेत कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *