डोईवाला में दो बच्चों की हत्या

जनमंच टुडे। देहरादून | देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में दो मासूम लड़कियों की हत्या कर दी गई। बच्चों का पिता घटना के बाद से लापता है। आशंका जताई जा रही है कि पिता ने लड़कियों की हत्या की और फरार हो गया। जानकारी के अनुसार  डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के केशवपुरी बस्ती में गत रात दो बच्चियां मृत मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों  को अस्पताल पहुँचाया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।  बच्चियों की पहचान आंचल (साढ़े 3 साल) , अनुषा (डेढ़ साल) पुत्री जितेंद्र साहनी निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। जितेंद्र कबाड़ बीनने का काम करता है। वह अपनी माँ व दोनों बेटियों के साथ बस्ती में रहता था, जबकि उसकी पत्नी रीना झगड़े के कारण घर छोड़कर कहीं चली गई है। जितेंद्र और उसकी मां शुक्रवार को भी काम पर गए थे। रात  बच्चों की दादी दुर्गा देवी घर आईं तो  दरवाजा बाहर से बन्द मिला। जब वह दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई तो अंदर का नजारा देख  दंग रह गई।  उसे दोनों  बालिका बेहोश मिली। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकर हुए और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बच्चियों के गले पर निशान पाए गए हैं। प्रथमदृष्टया आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने बच्चों के पिता पर शक जताया है और उसकी  तलाश शुरू कर दी है। उसके बिहार भागने की आशंका जताई जा रही है। उधर, पड़ोस में रहने वाली बच्चियों की नानी आशु देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बेटा नहीं होने के कारण जितेंद्र और उसकी मां उनकी बेटी रीना को आए दिन ताना मारते थे और मारपीट भी करते थे। इससे तंग आकर वह कुछ महीने पहले मायके चली गई थी। वहां से लौटकर आई फिर भी ससुराल वालों का यही रवैया रहा।  तंग आकर दो महीने पहले वह घर छोड़कर हैदराबाद चली गई। आरोप है कि शुक्रवार को जितेंद्र ने दोनों बेटियों की हत्या कर दी और फरार हो गया। कोतवाल का कहना है कि मामले में जितेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *